
एक्टर दिनेश हिंगू एक बेहद ही फेमस बॉलीवुड के कॉमेडियन रह चुके हैं। जोकि कम से कम 300 फिल्मों में काम कर चुके हैं। लेकिन इन सबके बावजूद वो 86 साल की उम्र में जिंदगी गुजारने के लिए काम करने को मजबूर हो रहे हैं। दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक्टर दिनेश ये बताते हुए दिखाई दे रहे हैं कि डॉक्टर के पास जाने के लिए उन्हें पैसों की जरूरत है। इसीलिए वो 86 साल की उम्र में काम के लिए मजबूर हैं।
दिनेश हिंगू ने अपनी बात रखते हुए कहा, मैं 86 साल का हूं। कभी-कभी काम के लिए बाहर जाता हूं। हाल ही में गिर गया था, जिसके चलते चोट लग गई थी। अब ठीक है, लेकिन डॉक्टर के पास जाने के लिए पैसे चाहिए। डॉक्टर कभी 5 हजार मांगते हैं तो कभी 6 हजार। कैरेक्टर आर्टिस्ट्स को इतने पैसे नहीं मिलते हैं। वहीं, मैंने ब्लैंक एंड व्हाइट फिल्मों में काम किया है। गुजराती और राजस्थानी फिल्मों में भी काम किया है। एक्टर और कॉमेडियन ने अपनी बात करते हुए कहा कि इस उम्र में भी वो काम पर जाते हैं। डॉक्टर के पास जाने के लिए माल भी तो चाहिए। वो लूटते हैं। कभी-कभी जब काम पर बुलाया जाता है तो मैं जाता हूं। कैरेक्टर आर्टिस्ट को कोई ज्यादा पैसा नहीं देता है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दिनेश हिंगू ने अपने करियर में बाज़ीगर, हेरा फेरी, नो एंट्री और कई अन्य हिट फिल्मों में काम किया है। उनकी कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई। लेकिन उनकी मौजूदा हालत यह दिखाती है कि फिल्म इंडस्ट्री में लंबे करियर के बावजूद हर कलाकार को आर्थिक सुरक्षा नहीं मिल पाती।
