
भारत की दिग्गज गायिका Asha Bhosle के निधन के बाद जहां पूरी दुनिया में शोक और श्रद्धांजलि का माहौल है, वहीं पाकिस्तान में इस खबर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के मीडिया रेगुलेटर ने टीवी चैनलों को आशा भोसले के निधन से जुड़ी कवरेज दिखाने पर नोटिस जारी कर दिया है, जिसे लेकर अब बहस तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी (PEMRA) ने Geo News को शो-कॉज नोटिस भेजा है। आरोप है कि चैनल ने आशा भोसले के निधन की खबर दिखाते समय भारतीय गाने और फिल्मों के विजुअल्स प्रसारित किए, जो वहां लागू नियमों का उल्लंघन है।
दरअसल, पाकिस्तान में 2018 से भारतीय कंटेंट के प्रसारण पर प्रतिबंध लागू है। ऐसे में जब चैनल ने आशा भोसले के गीतों और उनके करियर से जुड़े क्लिप्स दिखाए, तो इसे “जानबूझकर नियमों की अवहेलना” माना गया। नोटिस में कहा गया है कि चैनल को 14 दिनों के भीतर जवाब देना होगा, नहीं तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है। इस मामले पर Azhar Abbas (जियो न्यूज के मैनेजिंग डायरेक्टर) ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी महान कलाकार के निधन पर उनके काम को याद करना एक सामान्य परंपरा है। उन्होंने यह भी कहा कि कला और संस्कृति की कोई सीमाएं नहीं होतीं और ऐसे फैसले सही नहीं हैं।

दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान के कई कलाकारों और पत्रकारों ने भी इस फैसले की आलोचना की है। उनका कहना है कि आशा भोसले जैसी महान कलाकार को श्रद्धांजलि देना किसी सीमा में नहीं बंधा होना चाहिए। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग इस कार्रवाई को “अनुचित” बता रहे हैं। गौरतलब है कि Asha Bhosle का 12 अप्रैल 2026 को 92 साल की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने अपने करियर में हजारों गाने गाए और भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान समेत पूरी दुनिया में उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी।
