
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार Pawan Singh इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उनकी दूसरी पत्नी Jyoti Singh के साथ चल रहा तलाक का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। हाल ही में सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, पवन सिंह ने कोर्ट में साफ कहा है कि वह ज्योति सिंह के साथ अब नहीं रहना चाहते और इस रिश्ते को खत्म करना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि इस केस की सुनवाई बिहार के आरा सिविल कोर्ट में चल रही है, जहां दोनों पक्षों को सुलह (रिकॉन्सिलिएशन) के लिए भी बुलाया गया था। हालांकि, सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह कोर्ट में उपस्थित नहीं हो पाईं, जिससे मामला और उलझ गया। दूसरी ओर, पवन सिंह कोर्ट से बाहर निकलते वक्त काफी मायूस नजर आए।
इस बीच, ज्योति सिंह की ओर से तलाक के बदले भारी भरकम गुजारा भत्ता (एलिमनी) की मांग भी चर्चा में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने करीब 10 करोड़ रुपये, एक मकान और मासिक खर्च की मांग रखी है। गौरतलब है कि पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी साल 2018 में हुई थी, लेकिन कुछ साल बाद ही रिश्ते में दरार आ गई और मामला कोर्ट तक पहुंच गया। अब यह केस लगातार सुर्खियों में बना हुआ है और दोनों के बीच सुलह की कोशिशें भी जारी हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच, सोशल मीडिया पर भी दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज है। जहां एक ओर कुछ लोग ज्योति सिंह का समर्थन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पवन सिंह के फैसले को लेकर भी बहस जारी है। फिलहाल, सभी की नजरें इस केस की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां इस रिश्ते का भविष्य तय हो सकता है।
