
‘बिग बॉस 17’ फेम और मशहूर यूट्यूबर Anurag Dobhal एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उनका गंभीर एक्सीडेंट हो गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद उन्होंने अस्पताल से अपनी एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसे देखकर उनके फैंस काफी चिंतित हो गए। फोटो में अनुराग अस्पताल के बेड पर नजर आ रहे हैं और उनके शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा तब हुआ जब अनुराग अपनी एसयूवी कार से दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि वह उस समय सोशल मीडिया पर लाइव भी थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी हाई स्पीड में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। अनुराग डोभाल को सोशल मीडिया पर ‘यूके07 राइडर’ के नाम से जाना जाता है और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। बाइक और कार से जुड़े उनके वीडियो काफी लोकप्रिय हैं। ‘बिग बॉस 17’ में आने के बाद उनकी लोकप्रियता और भी बढ़ गई थी। एक्सीडेंट की खबर सामने आते ही उनके फैंस सोशल मीडिया पर उनके जल्द ठीक होने की दुआ करने लगे।

हादसे के बाद उनकी हेल्थ को लेकर कई तरह की खबरें सामने आईं। बाद में एक वीडियो में वह होश में नजर आए और दोस्तों से बात करते हुए दिखे, जिससे उनके फैंस को राहत मिली। बताया जा रहा है कि फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अस्पताल से सामने आई उनकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। फैंस लगातार उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि वह जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने काम पर लौटेंगे।
