kalabhumitalkies.com

एक्ट्रेस सुरवीन चावला ने शेयर किए अपने डरावने अनुभव, बॉलीवुड की इस तरह से खोली पोल

surveen chawla

क्राइम रिपोर्टर : अन्नू दिवाकर

एक्ट्रेस सुरवीन चावला की वेब सीरीज ‘क्रिमिनल जस्टिस 4’ अब जियोहॉटस्टार पर रिलीज हो गई है। सीरीज के प्रमोशन के दौरान सुरवीन ने मीडिया को इंटरव्यू दिया और अपने साथ हुए कुछ दर्दनाक अनुभवों के बारे में बताया। सुरवीन ने बताया कि जब वह नौवीं कक्षा में थीं, तब उनके साथ एक डरावनी घटना हुई। वह घर के बाहर खेल रही थीं कि तभी साइकल पर एक आदमी आया। उसने उन्हें अपने पास बुलाया और जैसे ही सुरवीन उसके पास बढ़ीं, उन्होंने देखा कि आदमी पैंट से कुछ बाहर निकाल रहा था और साइकल पर बैठकर मास्टरबेट करने लगा। सुरवीन डरकर तुरंत घर की तरफ भाग गईं। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है, लेकिन यह घटना उनके दिमाग में बैठ गई और लंबे समय तक उसका असर रहा।

सुरवीन ने कहा, “इस तरह की घटनाएं लड़कियों के मन में डर और कन्फ्यूजन पैदा करती हैं। उन्हें तब समझ नहीं आता, लेकिन यह घटना दिमाग में बैठ जाती है और लंबे समय तक याद रहती है।” सुरवीन ने मुंबई में अपने कास्टिंग काउच के अनुभव के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि एक डायरेक्टर से मीटिंग हुई थी। मीटिंग पूरी होने के बाद, जब सुरवीन बाहर निकल रही थीं, तो वह डायरेक्टर उन्हें गेट तक छोड़ने आया और झुककर उन्हें किस करने की कोशिश की। सुरवीन ने उसे धक्का दिया और तुरंत वहां से निकल गईं।

सुरवीन ने कहा, “लोग मान लेते हैं कि काम पाने के लिए ऐसे हालात झेलने पड़ेंगे, लेकिन यह बहुत गलत है। अब वक्त है कि इंडस्ट्री में हो रहे शोषण के खिलाफ आवाज उठाई जाए। लड़कियों को हिम्मत से अपने काम को करना चाहिए और ऐसे लोगों का पर्दाफाश करना चाहिए, चाहे वो कितने भी बड़े क्यों न हों।” सुरवीन की कहानी बताती है कि यौन उत्पीड़न किसी भी उम्र में हो सकता है, और इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने लोगों से कहा कि डरने की बजाय साहस से इसका सामना करना चाहिए और ऐसे अपराधियों को उजागर करना चाहिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *