
90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है उनका दाऊद इब्राहिम पर दिया गया विवादित बयान। हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में ममता कहती नजर आ रही हैं कि “दाऊद इब्राहिम कोई आतंकवादी नहीं है।” उन्होंने कहा कि उनका दाऊद से कोई लेना-देना नहीं है, और उन्होंने देश में कभी कोई बम ब्लास्ट या राष्ट्रविरोधी काम नहीं किया। ममता के अनुसार, “अगर किसी ने बम ब्लास्ट नहीं किया, तो वो आतंकवादी कैसे हो सकता है? मैंने तो उसे कभी मिला भी नहीं।” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। यूजर्स उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं और कह रहे हैं कि ममता को इतिहास और कानून की सही जानकारी नहीं है, क्योंकि दाऊद इब्राहिम भारत में 1993 मुंबई बम ब्लास्ट का मुख्य आरोपी और घोषित आतंकवादी है।
ममता कुलकर्णी का नाम पहले भी कई बार विवादों में आ चुका है। उनका नाम अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन और दाऊद से जोड़ा गया था। फिल्म ‘चाइना गेट’ की शूटिंग के दौरान भी उनके अंडरवर्ल्ड से संबंधों की चर्चा रही थी। इसके अलावा, उनका नाम 2000 करोड़ रुपये के ड्रग्स केस में भी सामने आया था। कहा जाता है कि उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति से शादी की थी जो ड्रग माफिया से जुड़ा था। साल 2000 के बाद वह भारत छोड़कर विदेश चली गईं और उनकी आखिरी फिल्म 2002 में रिलीज हुई थी। हाल ही में ममता तब भी चर्चा में आई थीं जब उन्होंने खुद को किन्नर अखाड़े की महा मंडलेश्वर घोषित किया था, हालांकि बाद में विवाद के कारण उन्हें उस पद से हटा दिया गया। अब दाऊद इब्राहिम पर दिया गया उनका बयान फिर से उन्हें सुर्खियों में ले आया है।

सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि यह बयान न सिर्फ गलत है बल्कि आतंकवाद के पीड़ितों के प्रति असंवेदनशीलता भी दिखाता है। ममता कुलकर्णी ने दाऊद इब्राहिम को आतंकवादी नहीं माना है, जिससे एक बार फिर उनका नाम विवादों में आ गया है और सोशल मीडिया पर लोग उनकी कड़ी आलोचना कर रहे हैं।
