kalabhumitalkies.com

Kalabhumi Talkies

फिल्म और टीवी जगत के दिग्गज कॉमेडियन सतीश शाह का निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर

डेस्क रिपोर्ट : विजय तिवारी मुंबई : हिंदी सिनेमा और टेलीविजन की दुनिया के मशहूर अभिनेता और हास्य के बादशाह सतीश शाह अब हमारे बीच नहीं रहे। 74 वर्षीय सतीश शाह का 25 अक्टूबर को मुंबई में किडनी फेलियर के चलते निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में गहरा शोक छा गया है। शुरुआती जीवन और शिक्षा सतीश शाह का जन्म 1951 में हुआ था। वे बचपन से ही अभिनय और कला के प्रति रुचि रखते थे। उनके परिवार ने भी उनका हौसला बढ़ाया और उन्होंनें अपने अभिनय का प्रशिक्षण थिएटर के माध्यम से प्राप्त किया। मुंबई आने से पहले उन्होंने छोटे मंचों और कॉलेज थिएटर में अभिनय किया, जहां उनकी कॉमिक प्रतिभा और सहज हाव-भाव ने दर्शकों का दिल जीत लिया। थिएटर और टीवी में करियर सतीश शाह का करियर थिएटर से शुरू हुआ, लेकिन उन्हें असली पहचान टीवी शो ‘ये जो है ज़िंदगी’ से मिली। इस शो में उनका किरदार दर्शकों के बीच घर-घर में लोकप्रिय हुआ। उन्होंने ‘हम पांच’, ‘हम सब’, ‘फ्लाइंग किचन’, और ‘ज्वेल्स ऑफ द इंडिया’ जैसे कई शो में भी अभिनय किया। उनकी कॉमिक टाइमिंग इतनी लाजवाब थी कि गंभीर सीन में भी दर्शक उनके अभिनय पर हंसते बिना नहीं रह पाते थे। वे हमेशा अपने किरदारों में प्राकृतिक हास्य और सहजता बनाए रखते थे, जिससे उनके अभिनय में कोई बनावट नहीं दिखती थी। फिल्मी करियर सतीश शाह ने फिल्मों में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने ‘जाने भी दो यारो’, ‘मैं हूँ ना’, ‘ओम शांति ओम’, ‘कल हो ना हो’, और ‘3 इडियट्स’ जैसी हिट फिल्मों में अभिनय किया। ‘जाने भी दो यारो’ में उनका हास्यप्रधान किरदार आज भी सिनेमाप्रेमियों के लिए यादगार है। ‘ओम शांति ओम’ में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के पर्दे के पीछे की राजनीति और जटिलताओं को अपनी अदाकारी से जीवंत किया। ‘3 इडियट्स’ और ‘कल हो ना हो’ में उनके छोटे पर प्रभावशाली किरदार ने दर्शकों को हंसाया और भावविभोर किया। सतीश शाह की हर फिल्म और शो में योगदान केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था, वे अपने किरदारों में जीवन की सादगी और मानवीय भावनाओं को जीवंत करते थे। उनके डायलॉग और हल्के-फुल्के हास्य संवाद आज भी लोगों की यादों में ताजा हैं। सहयोग और सम्मान सतीश शाह ने न केवल कॉमिक किरदार निभाए, बल्कि नए कलाकारों को मार्गदर्शन देने में भी पीछे नहीं रहे। उनके साथी कलाकार और फिल्ममेकर उन्हें समर्पित और मेहनती कलाकार के रूप में याद करते हैं। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर उनके निधन की पुष्टि करते हुए कहा, “सतीश भाई ने हर किरदार को दिल से निभाया। उनके जाने से इंडस्ट्री ने सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि एक आत्मा खो दी।” सोशल मीडिया पर बॉलीवुड के दिग्गजों ने भी भाव व्यक्त किए। अभिनेता अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, जॉनी लीवर सहित कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। व्यक्तिगत जीवन और विरासत सतीश शाह का व्यक्तित्व बहुत सरल और मिलनसार था। वे अपने सहकर्मियों और सह-अभिनेताओं के बीच हमेशा मित्रवत और सहयोगी बने। उनकी हास्य कला ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया और मनोरंजन की दुनिया में उनका योगदान अमूल्य रहा। सतीश शाह की कॉमिक टाइमिंग, सहज अभिनय और यादगार किरदारों ने उन्हें दर्शकों के दिल में हमेशा के लिए अमर बना दिया। उनका जाना हिंदी सिनेमा और टीवी इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है।

फिल्म और टीवी जगत के दिग्गज कॉमेडियन सतीश शाह का निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर Read More »

Bigg Boss 19: सलमान खान ने Tanya Mittal-Malti Chahar ने लगाई फटकार, हैरान हुए घरवाले

टीवी रियलिटी शो Bigg Boss 19 के इस हफ्ते के “वीकेंड का वार” में होस्ट सलमान खान ने दो कंटेस्टेंट्स तान्या मित्तल और मालती चाहर पर खुलकर टिप्पणी की। यह मामला उस टास्क से जुड़ा था जिसमें नामांकन के दौरान मालती ने तान्या को पूल में धकेल दिया, जिससे तान्या भावनात्मक हो गईं। सलमान खान ने तान्या को फटकार लगाई कि वे “सहानुभूति कार्ड” खेल रही हैं और अपनी भावनाओं को रणनीति के लिए इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने कहा, “आप जो कर रही हैं करिए, कोई फर्क नहीं पड़ता।” इसका मतलब था कि तान्या की ये ड्रामेबाज़ी अब दर्शकों पर असर नहीं डाल रही है। मालती की एंट्री के बाद घर का माहौल और तनावपूर्ण हो गया। मालती ने तान्या की इस ‘ड्रामा’ स्टाइल को निशाना बनाया और कहा कि उन्हें पता था कि टास्क में धक्का-मुक्की होगी, फिर भी तान्या ने साड़ी पहनकर हिस्सा लिया। तान्या ने जवाब दिया कि “अगर रोना ही था तो रो लूँ, मुझे क्या?”। इस बातचीत ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी और फैंस दो हिस्सों में बंट गए। एक तरफ #TeamMalti जो मालती की सीधे और दमदार अप्रोच की तारीफ कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ #TeamTanya जो कह रहा है कि तान्या बस अपनी भावनाएं दिखा रही थीं। इस पूरे घटनाक्रम से यह साफ़ हो गया कि Bigg Boss 19 अब सिर्फ टास्क और मनोरंजन का शो नहीं रह गया है, बल्कि इसमें भावनात्मक रणनीति और दर्शकों को प्रभावित करने की जद्दोजहद भी चल रही है। सलमान खान ने साफ किया कि कुछ कंटेस्टेंट शो को ओवरड्रामेटिक बना रहे हैं और हदें पार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि आने वाले वीकेंड के एपिसोड में सलमान का रुख कैसा रहेगा और क्या तान्या अपने गेम में बदलाव लाएंगी या मालती और तान्या का टकराव और बढ़ेगा। सभी की निगाहें आगामी नामांकन, कंफेशन रूम की बातचीत और वोटिंग ट्रेंड्स पर टिकी हुई हैं।

Bigg Boss 19: सलमान खान ने Tanya Mittal-Malti Chahar ने लगाई फटकार, हैरान हुए घरवाले Read More »

surveen chawla

एक्ट्रेस सुरवीन चावला ने शेयर किए अपने डरावने अनुभव, बॉलीवुड की इस तरह से खोली पोल

क्राइम रिपोर्टर : अन्नू दिवाकर एक्ट्रेस सुरवीन चावला की वेब सीरीज ‘क्रिमिनल जस्टिस 4’ अब जियोहॉटस्टार पर रिलीज हो गई है। सीरीज के प्रमोशन के दौरान सुरवीन ने मीडिया को इंटरव्यू दिया और अपने साथ हुए कुछ दर्दनाक अनुभवों के बारे में बताया। सुरवीन ने बताया कि जब वह नौवीं कक्षा में थीं, तब उनके साथ एक डरावनी घटना हुई। वह घर के बाहर खेल रही थीं कि तभी साइकल पर एक आदमी आया। उसने उन्हें अपने पास बुलाया और जैसे ही सुरवीन उसके पास बढ़ीं, उन्होंने देखा कि आदमी पैंट से कुछ बाहर निकाल रहा था और साइकल पर बैठकर मास्टरबेट करने लगा। सुरवीन डरकर तुरंत घर की तरफ भाग गईं। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है, लेकिन यह घटना उनके दिमाग में बैठ गई और लंबे समय तक उसका असर रहा। सुरवीन ने कहा, “इस तरह की घटनाएं लड़कियों के मन में डर और कन्फ्यूजन पैदा करती हैं। उन्हें तब समझ नहीं आता, लेकिन यह घटना दिमाग में बैठ जाती है और लंबे समय तक याद रहती है।” सुरवीन ने मुंबई में अपने कास्टिंग काउच के अनुभव के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि एक डायरेक्टर से मीटिंग हुई थी। मीटिंग पूरी होने के बाद, जब सुरवीन बाहर निकल रही थीं, तो वह डायरेक्टर उन्हें गेट तक छोड़ने आया और झुककर उन्हें किस करने की कोशिश की। सुरवीन ने उसे धक्का दिया और तुरंत वहां से निकल गईं। सुरवीन ने कहा, “लोग मान लेते हैं कि काम पाने के लिए ऐसे हालात झेलने पड़ेंगे, लेकिन यह बहुत गलत है। अब वक्त है कि इंडस्ट्री में हो रहे शोषण के खिलाफ आवाज उठाई जाए। लड़कियों को हिम्मत से अपने काम को करना चाहिए और ऐसे लोगों का पर्दाफाश करना चाहिए, चाहे वो कितने भी बड़े क्यों न हों।” सुरवीन की कहानी बताती है कि यौन उत्पीड़न किसी भी उम्र में हो सकता है, और इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने लोगों से कहा कि डरने की बजाय साहस से इसका सामना करना चाहिए और ऐसे अपराधियों को उजागर करना चाहिए।

एक्ट्रेस सुरवीन चावला ने शेयर किए अपने डरावने अनुभव, बॉलीवुड की इस तरह से खोली पोल Read More »

श्रेयस तलपड़े-आलोक नाथ

श्रेयस तलपड़े-आलोक नाथ पर लगा 5 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, यूपी में दर्ज हुई FIR

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। दोनों कलाकारों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक और धोखाधड़ी (Fraud) का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने एक को-ऑपरेटिव सोसाइटी के ज़रिए सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है। इस मामले में कुल 22 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में स्थित द लोनो अर्बन मल्टीस्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड नाम की संस्था पर ठगी का आरोप लगा है। इस सोसाइटी ने ग्रामीणों को झूठे वादों के साथ निवेश करने के लिए प्रेरित किया। लोगों से कहा गया कि अगर वे पैसा जमा करेंगे, तो उनका पैसा कुछ ही महीनों में दोगुना हो जाएगा। इन झूठे वादों के झांसे में आकर कई ग्रामीणों ने अपनी मेहनत की कमाई इस स्कीम में लगा दी। कुछ समय बाद जब लोगों ने अपने पैसे की वापसी की मांग की, तो संस्था ने अचानक अपना कामकाज बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि 500 से ज़्यादा निवेशकों से करीब 5 करोड़ रुपये की ठगी की गई है। इस पूरी योजना में अभिनेता श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ का नाम इसलिए सामने आया है क्योंकि दोनों इस संस्था के “ब्रांड एंबेसडर” थे। संस्था ने उनके नाम और चेहरे का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीता और निवेश करवाया। यह पहली बार नहीं है जब इन दोनों कलाकारों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई हो। इससे पहले भी लखनऊ के गोमती नगर थाने में करीब 9 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में इनके खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है। तब भी आरोप था कि संस्था ने लोगों से पैसे लेकर उन्हें रिटर्न नहीं दिया। इस साल जुलाई में सुप्रीम कोर्ट ने श्रेयस तलपड़े को अस्थायी राहत (interim protection) दी थी ताकि जांच पूरी होने तक उनकी गिरफ्तारी न हो सके। बाद में आलोक नाथ को भी इसी मामले में राहत मिली थी। एक महिला पीड़िता ने बताया कि संस्था के एजेंट उनके गांव आए थे और कहा था कि यह योजना सरकार द्वारा मंजूर की गई है। भरोसा दिलाया गया कि उनका पैसा सुरक्षित रहेगा। महिला ने करीब 1.9 लाख रुपये का निवेश किया, लेकिन कुछ ही महीनों में संस्था ने अपना सॉफ्टवेयर बंद कर दिया और संपर्क तोड़ लिया। बताया जा रहा है कि इस संस्था के करीब 25 एजेंट अलग-अलग जिलों में सक्रिय थे, जो लोगों से निवेश करवाने का काम करते थे। उत्तर प्रदेश पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। एजेंटों और संस्था के खातों की जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि पैसा कहां गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ की इस स्कीम में वास्तविक भूमिका कितनी थी — क्या वे केवल प्रचारक थे या अंदरूनी रूप से जुड़े हुए थे। फिलहाल दोनों अभिनेताओं ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

श्रेयस तलपड़े-आलोक नाथ पर लगा 5 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, यूपी में दर्ज हुई FIR Read More »

Aspak Khan

अभिनय की दुनिया में उभरता सितारा अस्पाक खांन जिसने फिल्म इंडस्ट्री में बनाई अपने दम पर पहचान

हर सपने की शुरुआत एक छोटी सी चिंगारी से होती है, और अस्पाक खांन के लिए यह चिंगारी बचपन में जली जब उन्होंने अपने पसंदीदा अभिनेताओं को पर्दे पर अभिनय करते देखा। फिल्मों और सीरियल्स के प्रति उनका लगाव इतना गहरा था कि अभिनय उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया। अस्पाक कहते हैं “जब अपने फेवरेट एक्टर को अभिनय करते और गानों पर थिरकते देखा, तो वहीं से अभिनय करने की प्रेरणा मिली। करियर चुनने का समय आया तो उन्होंने खुद से वादा किया कि अब हर कदम एक्टिंग की दिशा में ही बढ़ेगा। यूट्यूब पर संघर्षरत कलाकारों की कहानियाँ पढ़कर उन्हें यकीन हुआ कि मेहनत और जुनून से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है। उनका पहला ब्रेक “कामधेनु गौ माता” सीरियल से मिला। रात के डेढ़ बजे जब कास्टिंग डायरेक्टर संतोष त्रिपाठी ने उन्हें सिलेक्शन की खबर दी, तो वह पल उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था। गाँव के एक साधारण युवक के लिए यह एहसास जादुई था वह अब उस दुनिया में कदम रखने वाला था, जिसे वह बरसों से कल्पनाओं में जी रहा था। अस्पाक की जिंदगी में एक ऐसा मोड़ भी आया जिसने उन्हें भीतर तक बदल दिया। झांसी में थिएटर और फोटोग्राफी करते हुए एक पुलिस केस ने उन्हें गाँव छोड़ने पर मजबूर कर दिया। घर से भागकर मुंबई पहुंचे तो उन्होंने संघर्ष की पराकाष्ठा देखी कई रातें सड़कों पर बिताईं, भूखे सोए, और फिर भी अपने सपनो के तीछे लगे रहे। उसी समय उन्होंने सीखा कि दुनिया आपकी अच्छाइयाँ नहीं, बस आपकी गलतियाँ याद रखती है। सेट पर पहला दिन उनके लिए सपनों जैसा था। कैमरे के सामने खड़ा होकर उन्होंने महसूस किया कि आपकी मेहनत हमेशा काम आती है। अब उनका सपना है किसी वीर योद्धा का किरदार निभाना — जिसमें ताकत, साहस और देशभक्ति झलके। वर्तमान में वे फिल्म “अघोरम” में एक कांस्टेबल की भूमिका निभा रहे हैं और साथ ही एक वेब सीरीज़ पर भी काम कर रहे हैं। अगले पाँच सालों में वे खुद को बड़े प्रोडक्शन हाउस की फिल्मों में लीड एक्टर के रूप में देखते हैं। अस्पाक खांन की कहानी इस बात का प्रमाण है कि अगर हौसले बुलंद हों और जुनून सच्चा, तो मंज़िल खुद चलकर आपके कदमों में आती है। लेखक संपादक राहुल कुमार शुक्ला

अभिनय की दुनिया में उभरता सितारा अस्पाक खांन जिसने फिल्म इंडस्ट्री में बनाई अपने दम पर पहचान Read More »

Box office collection: दूसरे दिन भी दर्शकों पर ‘‘थामा’’ का जादू, आयुष्मान खुराना की करियर हिट साबित!

आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की नई फिल्म ‘थामा’ ने हॉरर यूनिवर्स में अपनी धमाकेदार एंट्री से दर्शकों को प्रभावित किया है। मंगलवार को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की और दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना ली। यह फिल्म न केवल कहानी और डर के तत्वों से भरी है, बल्कि इसमें कलाकारों की शानदार परफॉरमेंस भी इसे खास बनाती है।शानदार ओपनिंग और मजबूत पकड़‘थामा’ ने अपने पहले दिन लगभग 25 करोड़ रुपये से ज्यादा का ओपनिंग कलेक्शन दर्ज किया, जो आयुष्मान खुराना के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग मानी जा रही हैl दिवाली के अगले दिन रिलीज होने के चलते फिल्म को छुट्टी का फायदा मिला। हालांकि दूसरे दिन, यानी बुधवार को कामकाजी दिन शुरू होने के बावजूद फिल्म की पकड़ मजबूत बनी रही। ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, दूसरे दिन फिल्म ने 18 से 19 करोड़ रुपये के बीच कमाई की, जो मात्र 30% की गिरावट दर्शाती है। इस तरह दो दिनों में ‘थामा’ का कुल कलेक्शन लगभग 43 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।रश्मिका और आयुष्मान की परफॉरमेंस पर दर्शकों की मुहरफिल्म में रश्मिका मंदाना के किरदार की खूब तारीफ हो रही है। दर्शकों का मानना है कि इस रोल में उन्होंने अपनी एक्टिंग से गहराई और नई ऊर्जा भरी है। वहीं, आयुष्मान खुराना ने अपने कैरेक्टर में जो डर, हास्य और सस्पेंस का तालमेल दिखाया है, वह दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। ‘स्त्री’ यूनिवर्स का हिस्सा होने के कारण ‘थामा’ को पहले से ही खास चर्चा मिल रही थी और अब दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया से इसका प्रभाव और गहरा हो गया है।बॉक्स ऑफिस पर आगे का रास्ताफिल्म को अब भाई-दूज की छुट्टी का भी लाभ मिलने की उम्मीद है। गुरुवार को कई शहरों में छुट्टी होने से थिएटर्स में एक बार फिर भीड़ बढ़ सकती है। ट्रेड पंडितों का कहना है कि आने वाले वीकेंड में फिल्म का कलेक्शन और तेजी से बढ़ेगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि पहले वीकेंड तक यह फिल्म करीब 90 से 95 करोड़ रुपये तक का नेट कलेक्शन कर सकती है, जो इसके लिए एक बड़ा मील का पत्थर होगा। मेकर्स की रिलीज स्ट्रैटेजी सफल‘थामा’ के मेकर्स ने दिवाली के तुरंत बाद फिल्म रिलीज करने का जो फैसला लिया, वह बेहतरीन साबित हुआ है।

Box office collection: दूसरे दिन भी दर्शकों पर ‘‘थामा’’ का जादू, आयुष्मान खुराना की करियर हिट साबित! Read More »

रमेश गोयल

मायानगरी में संघर्ष भरा रहा इस अभिनेता का सफर जानिए कहानी उन्हीं की जुबानी

फिल्मी दुनिया की चमक-दमक के पीछे एक सच्चाई छिपी होती है – संघर्ष, भूख, निराशा और अदम्य जज़्बे की कहानी। ऐसी ही प्रेरणादायक दास्तान है अभिनेता रमेश गोयल की, जिन्होंने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया। आज वे बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में एक जाना-पहचाना चेहरा हैं, लेकिन इस मुकाम तक पहुँचने का रास्ता आसान नहीं था। फतेहपुर सीकरी के गुड़ मंडी निवासी रमेश गोयल का आगरा से गहरा नाता है। उन्होंने अब तक करीब 125 फिल्मों और 50 से अधिक टीवी सीरियलों में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता है। चाहे खलनायक का किरदार हो या हास्य, पुलिसवाला या आम आदमी रमेश गोयल ने हर भूमिका को जीवंत बना दिया। उनकी जिंदगी का अहम मोड़ आया 1999 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘सरफरोश’ से, जिसमें उन्होंने आमिर खान के साथ हवलदार कदम की भूमिका निभाई। यह किरदार उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। रमेश बताते हैं कि आमिर खान ने कई बार अपने संवाद उन्हें दे दिए, जिससे उनका रोल और मजबूत बन गया। इसी फिल्म से उन्हें सिनेमा जगत में असली पहचान मिली। लेकिन इस पहचान तक पहुँचने से पहले उनका संघर्ष असाधारण था। 1973 में रमेश गोयल ने फिल्मों का सपना लेकर अकेले मुंबई का रुख किया। जेब में पैसे नहीं थे, न कोई जान-पहचान। कई रातें स्टेशन और फुटपाथों पर भूखे-प्यासे गुजारनी पड़ीं। कई बार दरवाज़े बंद हुए, कई बार अपमान सहना पड़ा। पर उनका हौसला नहीं टूटा। वे कहते हैं “फतेहपुर सीकरी से यह सोचकर निकला था कि जीना यहीं है, मरना यहीं है।” आख़िरकार 1974 में फिल्म ‘जानेमन’ में देव आनंद और हेमा मालिनी के साथ पहला रोल मिला। भले ही पहचान नहीं बनी, लेकिन वह उनके सफर की पहली सीढ़ी थी। धीरे-धीरे मेहनत रंग लाई और आज रमेश गोयल इंडस्ट्री में एक सम्मानित नाम हैं। वर्तमान में वे ‘सावधान’ और ‘नंबर गेम’ जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। हाल ही में वे थाईलैंड में बंगाली फिल्म ‘जैस’ की शूटिंग कर लौटे हैं। अपने संघर्ष और समर्पण से रमेश गोयल आज युवाओं के लिए मिसाल बन चुके हैं कि अगर जुनून सच्चा हो, तो मायानगरी भी झुक जाती है। लेखक संपादक राहुल कुमार शुक्ला

मायानगरी में संघर्ष भरा रहा इस अभिनेता का सफर जानिए कहानी उन्हीं की जुबानी Read More »

चित्रांगदा

तबीयत बिगड़ने पर चित्रांगदा सिंह हुई अस्पताल में भर्ती, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप

बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता चितरांगदा सिंह के स्वास्थ्य को लेकर फैंस में चिंता की लहर है। अभिनेत्री को हाल-ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी है कि वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ हो जाएँगी। आइए इस खबर को विस्तार से जानते हैं। चितरांगदा सिंह ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से अस्पताल का एक फोटो शेयर किया था जिसमें वे अस्पताल के बिस्तर पर हाथ में मेडिकल ड्रिप के साथ दिखाई दे रही थीं। हालांकि इस फोटो को कुछ समय बाद उन्होंने अपने अकाउंट से हटा दिया, जिससे उनके फैंस में चिंता की बढ़ोतरी हुई। उन्होंने अपने मैसेज में लिखा: “Hoping to be back running like a hare soon!” यानी जल्दी ही वे फिर विकसित अवस्था में लौटेंगी। फिलहाल उन्होंने हॉस्पिटलीकरण का कारण सार्वजनिक नहीं किया है। सोशल मीडिया पर इस खबर के बाद कई प्रशंसकों ने चितरांगदा की सेहत को लेकर चिंता जताई है। हॉस्पिटलीकरण की अचानक खबर और वजह का खुलासा न होने के कारण फैंस को अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है। फ़ैन्स ने उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और कवायद कर रहे हैं कि जल्दी से जल्दी वह फिर स्वस्थ होकर काम पर लौटें। चितरांगदा सिंह ने अपने करियर में कई चर्चित फिल्मों में काम किया है और अब उनकी अगली बड़ी परियोजनाओं में से एक है Battle of Galwan। उन्होंने इस फिल्म के बारे में कहा था कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि बहादुरी, देशभक्ति व वास्तविक घटनाओं पर आधारित है।

तबीयत बिगड़ने पर चित्रांगदा सिंह हुई अस्पताल में भर्ती, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप Read More »

Parineeti raghav

छोटी दिवाली पर बड़ी ख़ुशी! परिणीति चोपड़ा- राघव चड्ढा बने माता-पिता, घर आया बेटा

बॉलीवुड और राजनीति की दुनिया से एक बेहद खुशखबरी सामने आई है। एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा माता-पिता बन गए हैं। छोटी दिवाली 2025 के मौके पर दोनों के घर बेटे का जन्म हुआ है। इस खुशखबरी के साथ ही सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई है। परिणीति और राघव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्यारा नोट शेयर करते हुए लिखा — “Our arms are full, and our hearts are fuller.” यानी, “हमारे हाथ भरे हैं, और हमारे दिल पहले से ज्यादा भरे हुए हैं।” इस खूबसूरत संदेश के साथ दोनों ने अपने नन्हे मेहमान के आने की घोषणा की। खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स ने कपल को शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया। किसी ने लिखा, “Perfect Diwali Gift!” तो किसी ने कहा, “Choti Diwali पर इससे प्यारी खबर नहीं हो सकती।” बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक जगत तक हर ओर से कपल को बधाई संदेश मिल रहे हैं। परिणीति और राघव ने पिछले साल सितंबर 2023 में राजस्थान के उदयपुर में शाही अंदाज में शादी की थी। उस समय भी दोनों की शादी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। परिणीति ने अपनी शादी में सादगी और ग्रेस का ऐसा मेल दिखाया था, जिसे फैंस ने खूब सराहा था। वहीं, राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी के युवा और तेज-तर्रार नेता माने जाते हैं। अब जब दोनों माता-पिता बन गए हैं, तो फैंस उन्हें “Bollywood meets Politics” कपल के नए पेरेंट्स के रूप में सेलिब्रेट कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर #ParineetiChopra और #RaghavChadha ट्रेंड करने लगे हैं। छोटी दिवाली के दिन आई यह खबर उनके फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। हर कोई उनके परिवार को ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं दे रहा है। कई सेलेब्रिटीज़ ने भी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा — “Parineeti and Raghav, congratulations on your little bundle of joy!” हालांकि अभी तक दोनों की ओर से बच्चे की फोटो या नाम सामने नहीं आया है। कपल ने फिलहाल प्राइवेसी बनाए रखने का फैसला किया है। लेकिन फैंस बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहे हैं जब वे पहली बार परिणीति और राघव के बेबी बॉय की झलक देख सकेंगे।

छोटी दिवाली पर बड़ी ख़ुशी! परिणीति चोपड़ा- राघव चड्ढा बने माता-पिता, घर आया बेटा Read More »

ऋषि कपूर को याद कर इमोशनल हुए रणबीर कपूर, बोले– “ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब पापा याद न आते हों”

बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने एक हालिया कार्यक्रम में अपने पिता ऋषि कपूर को याद करते हुए भावुक कर देने वाली बातें कहीं। अपने शानदार अभिनय और विनम्र स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले रणबीर ने कहा कि भले ही उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी आज भी उनके दिल और काम में महसूस होती है। मुंबई में आयोजित एक फिल्म प्रमोशन इवेंट के दौरान जब पत्रकारों ने रणबीर से उनके पिता की कोई यादगार बात पूछी, तो वे कुछ पल के लिए रुक गए। आंखों में नमी लिए रणबीर बोले, “ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब मैं पापा को याद न करता हूं। वो मेरे जीवन के सबसे बड़े प्रेरणास्त्रोत थे। उनकी डांट भी प्यार भरी होती थी, और उनका गुस्सा भी मुझे आगे बढ़ने की ताकत देता था।” ऋषि कपूर का निधन 30 अप्रैल 2020 को हुआ था, लेकिन उनके चाहने वालों और परिवार के लिए वह आज भी जिंदा हैं। रणबीर ने आगे कहा, “जब भी किसी सीन के लिए कैमरे के सामने खड़ा होता हूं, तो ऐसा लगता है जैसे पापा वहीं कहीं खड़े होकर देख रहे हों। उनकी आवाज अब भी कानों में गूंजती है – ‘एक्सप्रेशन में सच्चाई रखो, ओवरएक्ट मत करो।’” रणबीर ने बताया कि उनके पिता हमेशा चाहते थे कि वह अपनी पहचान खुद बनाएं, न कि केवल कपूर खानदान के वारिस के रूप में। उन्होंने कहा, “पापा ने कभी आसान रास्ता नहीं दिखाया। वे चाहते थे कि मैं अपनी गलतियों से सीखूं। आज अगर लोग मुझे एक अच्छा अभिनेता मानते हैं, तो उसमें उनका सबसे बड़ा योगदान है।” इवेंट के दौरान मौजूद दर्शकों ने रणबीर की बातों पर तालियां बजाईं, जबकि खुद रणबीर कुछ देर के लिए भावुक होकर चुप हो गए। उन्होंने बताया कि अपनी आने वाली फिल्म ‘दिल की कहानी’ को उन्होंने अपने पिता को समर्पित किया है। उनके अनुसार, यह फिल्म उस रिश्ते को दर्शाती है जहां पिता और बेटे के बीच भावनाओं का संघर्ष और गहरा प्यार दोनों मौजूद होते हैं। रणबीर ने यह भी कहा कि वे अक्सर ऋषि कपूर की पुरानी फिल्में देखते हैं और उनके अभिनय से आज भी प्रेरणा लेते हैं। “जब मैं ‘बॉबी’, ‘चांदनी’ या ‘कर्ज़’ देखता हूं, तो समझ आता है कि उन्होंने अपने समय में कितना नया प्रयोग किया था। मैं उनके जैसा तो नहीं बन सकता, लेकिन कोशिश जरूर करता हूं कि वो मुझ पर गर्व करें।” कार्यक्रम के अंत में रणबीर ने कहा, “पापा ने सिखाया कि जिंदगी में सच्चा बनना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। वो भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका प्यार और सीख हर कदम पर साथ है।” रणबीर की यह भावनात्मक यादें सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। यह लम्हा एक बार फिर साबित कर गया कि पिता और बेटे का रिश्ता सिर्फ खून का नहीं, बल्कि आत्मा का बंधन होता है—जो मौत के बाद भी कभी खत्म नहीं होता। by shruti kumari

ऋषि कपूर को याद कर इमोशनल हुए रणबीर कपूर, बोले– “ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब पापा याद न आते हों” Read More »